चंकी बाजपेयी, इंदौर। एमपी के इंदौर के छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
दरअसल, यह मामला इंदौर के छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र का है। जहां मुसाखेड़ी निवासी प्रवीण निनामा ने एक होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड वीडियो मिला, जिसे मृतक ने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था।
यह भी पढ़ें: मुझे मेरी पत्नी से बचाओ! महिला ने पति को भाइयों से पिटवाया, साले ने जीजा का काटा कान
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में प्रवीण ने अपनी पत्नी, सास और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो में उसने यह भी कहा कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती थी, जिससे वह काफी परेशान था।
पुलिस के अनुसार मृतक मुसाखेड़ी की भील कॉलोनी का रहने वाला था और मजदूरी का काम करता था। वह शादीशुदा था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड वीडियो, परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

