करनाल। हरियाणा के करनाल शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र की सैनी कॉलोनी में रहने वाले 25 वर्षीय युवक रोहित कुमार ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। रोहित मूल रूप से चंडीगढ़ का रहने वाला था और यहां सैनी कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के कपड़ों और कमरे की गहन तलाशी ली ताकि कोई सुसाइड नोट मिल सके, लेकिन मौके से कोई नोट बरामद नहीं हुआ है। इस वजह से आत्महत्या के असली कारणों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है।

छह महीने से खुद को पत्नी बताकर साथ रह रही थी महिला

पुलिस और परिजनों की शुरुआती जांच में जो बात सामने आई है, उसने सबको हैरान कर दिया है। पता चला है कि रोहित पिछले कुछ समय से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। मृतक के परिजनों के अनुसार, संबंधित महिला उत्तराखंड के नैनीताल की रहने वाली है। उसकी उम्र करीब 42 साल है और वह तीन बच्चों की मां है। परिजनों का आरोप है कि यह महिला करीब छह महीने से रोहित के साथ यहां रह रही थी और समाज में खुद को उसकी पत्नी बताती थी, जबकि रोहित की अभी तक शादी भी नहीं हुई थी।

5 जून की रात को फोन पर हुआ था दोनों में झगड़ा

परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में एक और बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि 5 जून की रात को भी इस महिला ने रोहित को फोन किया था। उस फोन कॉल के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों को अंदेशा है कि इसी मानसिक तनाव और कलह की वजह से रोहित ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। पुलिस अब इस कॉल डिटेल और महिला की भूमिका की भी बारीकी से तफ्तीश कर रही है।

परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस की जांच शुरू

मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सैनी कॉलोनी में एक युवक द्वारा फंदा लगाने की कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है।