कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपराध इस कदर बढ़ गया है कि लोग अब पुलिस के साए में भी सुरक्षित नहीं हैं। इसी से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां बदमाशों ने टेरर टैक्स न देने पर एक युवक का पुलिस चौकी के सामने से अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं, उसे गोली मारकर फरार हो गए।
घटना देर रात 1 बजे की है। छोटू कमरिया और उसके साथियों ने विक्की यादव नाम के युवक से टेरर टैक्स मांगा था। लेकिन उसने मना कर दिया जिसके बाद विनय नगर पुलिस चौकी के बाहर से उसका अपहरण कर लिया।
जब पुलिस उनका पीछा करने लगी तो युवक से मारपीट कर उसके पैर में गोली मार दी और चलती कार से विक्की को सिटी सेंटर इलाके में फेंककर फरार हो गए। पुलिस घायल को मुरार जिला अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन 2 हमलावर उसे गोली मारने के लिए अस्पताल तक पहुंच गए। लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश भाग गए। बहोड़ापुर थाना पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

