जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर जल्दी और अधिक पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। इसी मंशा से उसने मासूम को अपने झांसे में लिया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।


3 दिन से लापता था मासूम, खेत में मिला शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने के लिए सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था।

परिजनों के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर के पास पहुंचा था। वह रामजीत राम और एक अन्य परिचित व्यक्ति को अपने साथ शराब पीने के लिए ले गया। बाद में तीनों अलग-अलग हो गए। जब रामजीत अपनी झोपड़ी लौटा तो उनका बेटा जितेंद्र वहां नहीं मिला।
तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ एक खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा तलाश करते हुए सन्ना गांव के एक खेत में पहुंचे। वहां मक्का की बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ मासूम का शव मिला। शव मिट्टी से हल्का दबा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सोशल मीडिया पर तलाशता था जल्दी अमीर बनने के तरीके
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और एक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से वह संतुष्ट नहीं था और अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।
शराब पिलाकर की मासूम की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि 5 नवंबर को वह रामजीत राम के बेटे जितेंद्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय बाद जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा।
आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर गया, जहां से उसने शराब और मुर्गा खरीदा। वापस आकर उसने मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के अनुसार, जब बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
शव के अंग निकालकर बाल्टी में रखे, खेत में छिपाया
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि हत्या के बाद उसने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दी थीं। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया।
आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और शरीर से निकाले गए अंगों को उसने प्लास्टिक की बाल्टी में रखकर बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू की निशानदेही पर मृतक बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त कर ली है। बच्चे के शव का पंचनामा तैयार कर डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) में मामला दर्ज किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
केस में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविंद्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

