कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। नगर निगम के बे-लगाम कचरा वाहनों ने आज एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कचरा वाहन ने 26 साल के युवक को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं, संवेदनहीनता की हद पार करते हुए आरोपी ड्राइवर घायल की मदद करने के बजाय वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका
दरअसल, ग्वालियर का जनकगंज इलाका आज उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठा, जब नेहरू पेट्रोल पंप के पास नगर निगम के एक कचरा वाहन ने अभिषेक प्रजापति नाम के युवक को अपनी चपेट में ले लिया। 26 साल का अभिषेक जब तक संभल पाता, भारी भरकम वाहन उसे कुचलता हुआ आगे निकल गया।
इलाज शुरू होने से पहले ही मौत
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन अभिषेक को लेकर अस्पताल की ओर भागे, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी चालक हादसे को अंजाम देने के बाद बेखौफ होकर गाड़ी भगाते हुए दिखाई दे रहा है।
फरार कचरा वाहन चालक की तलाश
वहीं दूसरी ओर सूचना मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने अभिषेक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कचरा वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

