शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के परवलिया रोड स्थित एक ढाबे पर कार लूट के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कहानी उलझती जा रही है। दोस्तों द्वारा ही अपने साथी की कार लूटने की इस वारदात में अब सट्टा कनेक्शन और टाइमिंग का एक बड़ा ‘झोल’ सामने आया है। पुलिस अब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और एफआईआर (FIR) के समय में आ रहे अंतर की तकनीकी जांच कर रही है।

ढाबे पर बुलाकर वारदात को दिया अंजाम

मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी सौरव सीतलानी को उसके ही दोस्तों ने परवलिया रोड पर स्थित एक ढाबे पर मिलने के लिए बुलाया था। सौरव का आरोप है कि तड़के सुबह करीब तीन बजे उसके दोस्तों ने मिलकर उसकी कार लूट ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब जांच शुरू की, तो फरियादी सौरव और मुख्य आरोपी आदित्य के बीच हुई मोबाइल चैट पुलिस के हाथ लगी, जिससे साफ हुआ कि दोनों के बीच पहले से पैसों के लेन-देन का कोई विवाद चल रहा था।

सीसीटीवी फुटेज ने उलझाई पुलिस की गुत्थी

इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब पुलिस को घटनास्थल (ढाबे) के सीसीटीवी फुटेज मिले। एफआईआर में लूट का जो समय दर्ज कराया गया है, सीसीटीवी फुटेज उसके ठीक 2 घंटे बाद का है। शुक्रवार तड़के के इस फुटेज में चौंकाने वाली बात यह है कि कथित लूट के समय के 2 घंटे बाद भी पीड़ित सौरव और आरोपी ढाबे पर एक साथ आराम से बैठे हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद परवलिया थाना पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि सीसीटीवी में दिख रहा समय कहीं किसी तकनीकी खराबी या गलत सेटिंग की वजह से तो 2 घंटे पीछे या आगे नहीं चल रहा है।

सट्टा कनेक्शन की भी आशंका, 2 आरोपी हिरासत में

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे विवाद के तार सट्टे के अवैध कारोबार और भारी-भरकम लेन-देन से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस इस बिंदु को भी अपनी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों बुशरान और मुईन को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी आदित्य सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m