दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में शादी के महज 72 दिन बाद 28 वर्षीय आकृति सुतार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार किया है। जांच के बाद सोमवार को की गई गिरफ्तारी दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या से जुड़े आरोपों के आधार पर हुई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
नौकरी छोड़ने और बच्चा पैदा करने का बनाया गया दबाव
आकृति की मां अनु साय सुतार का आरोप है कि शादी के बाद उनकी बेटी को नौकरी छोड़ने और जल्द बच्चा पैदा करने के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने बताया कि आकृति को मायके आने या अपनी मां से फोन पर बात करने तक पर ताने दिए जाते थे। परिवार का आरोप है कि पति अरस्तु, उसकी बहन ऑगस्टिका और अन्य ससुराल वाले मिलकर उस पर दबाव बनाते थे।
शादी से पहले नौकरी जारी रखने पर बनी थी सहमति
परिजनों के मुताबिक, आकृति ने शादी से पहले स्पष्ट शर्त रखी थी कि वह विवाह के बाद भी नौकरी जारी रखेंगी, क्योंकि वह अपने छोटे भाई की आर्थिक मदद करना चाहती थीं। उस समय दोनों परिवार इस शर्त पर सहमत थे। लेकिन शादी के बाद जब आकृति ने दोबारा नौकरी शुरू करने की कोशिश की तो उसे रोकने के लिए घर के सभी काम उसी पर डाल दिए गए।
चाचा बोले- यह आत्महत्या नहीं, हत्या है
आकृति के चाचा मनंजय सुतार ने दावा किया कि उनकी भतीजी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि जो युवती घटना से कुछ घंटे पहले तक ऑफिस में सहकर्मियों के साथ सामान्य और खुश थी, वह अचानक आत्महत्या नहीं कर सकती।
दो साल की डेटिंग के बाद हुई थी शादी
आकृति और अरस्तु करीब दो साल तक रिश्ते में थे। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से 24 अप्रैल को शादी हुई थी। यह मामला भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा प्रकरण की तरह दहेज प्रताड़ना और वैवाहिक उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चर्चा में है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

