दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कार्रवाई के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पुलिस की आलोचना के बाद दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में खासतौर पर युवा प्रदर्शनकारियों से निपटने, कैमरों की मौजूदगी और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो को ध्यान में रखते हुए संयम बरतने पर जोर दिया गया है।

प्रदर्शनकारियों से बहस न करें

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिसकर्मियों से कहा गया है कि वे प्रदर्शनकारियों से उलझने, उनके सवालों का जवाब देने या भावनात्मक अपील पर प्रतिक्रिया देने से बचें। निर्देश में कहा गया है कि पुलिसकर्मी का गुस्सा कैमरे में रिकॉर्ड होकर प्रदर्शनकारियों के लिए सोशल मीडिया कंटेंट बन सकता है। पुलिस को सलाह दी गई है कि वह उकसावे में न आए और अपनी भूमिका शांत एवं पेशेवर तरीके से निभाए।

भावनात्मक अपीलों से रहें सावधान

दिशानिर्देशों में प्रदर्शनकारियों की ओर से भावनात्मक दबाव बनाए जाने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया गया है। प्रदर्शनकारी रो सकते हैं, पुलिसकर्मियों के पैरों में गिर सकते हैं या परिवार और वेतन जैसे व्यक्तिगत सवाल पूछकर सहानुभूति अथवा गुस्सा पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसी परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों को भावनात्मक प्रतिक्रिया देने के बजाय संयम बनाए रखने को कहा गया है।

न चिल्लाएं, न सामान छीनें

पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे न तो प्रदर्शनकारियों पर चिल्लाएं, न उनका सामान छीनें और न ही अनावश्यक बहस करें। इसके बजाय, शांत भाषा का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, जैसे—“कृपया सहयोग करें, हम अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।”

नए निर्देशों में इस बात पर विशेष जोर है कि आज के दौर में सार्वजनिक स्थानों पर लगभग हर घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो सकती है। इसलिए पुलिसकर्मियों के चेहरे के हाव-भाव, बॉडी लैंग्वेज और व्यवहार को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा गया है।

फूल, चाय या मिठाई देने पर भी संयम

दिशानिर्देशों के अनुसार, प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों को फूल, मिठाई, पानी या चाय देने की पेशकश कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में पुलिसकर्मी अपनी प्रतिक्रिया संयमित रखें। निर्देशों में कहा गया है कि वे विनम्रता से स्वीकार कर सकते हैं या शांत तरीके से इनकार कर सकते हैं, लेकिन गुस्से वाली प्रतिक्रिया से बचना चाहिए। इन नए दिशा-निर्देशों का मुख्य उद्देश्य दिल्ली पुलिस की सार्वजनिक छवि, कानून-व्यवस्था और प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रदर्शनकारी टकराव को नियंत्रित करना बताया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m