योगेश सिंह, बेमेतरा। बाजार में कट्टा लहराने और लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने दबोचा है। इसके साथ ही उसे हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

साप्ताहिक बाजार में फैला रहा था दहशत

बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खुड़मुड़ी नवागांव के साप्ताहिक बाजार में एक व्यक्ति सरेआम हाथ में कट्टा लहरा रहा है और वहां मौजूद लोगों को डरा-धमका रहा है। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी और भय का माहौल निर्मित हो गया था।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेमेतरा एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जब पुलिस टीम बाजार पहुंची, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद हुलिये के आधार पर आरोपी के घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह वहां भी नहीं मिला। आखिरकार पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी तुषार निषाद (23 वर्ष) निवासी खुड़मुड़ी नवागांव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी तुषार निषाद की निशानदेही पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि यह कट्टा उसे पास के ही गांव के प्रतीक वैष्णव ने दिया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सह-आरोपी प्रतीक वैष्णव (41 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों तुषार निषाद और प्रतीक वैष्णव के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास अवैध कट्टा कहां से आया और क्या उनका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से भी संबंध है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H