मनेंद्र पटेल, दुर्ग। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में जमीन के हिसाब-किताब और पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम बायपास स्थित देवभूमि परिसर में नरेंद्र सिंह को बातचीत के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने नरेंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विजय मेनन ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। फिलहाल पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बातचीत के बहाने बुलाकर किया हमला

दरअसल, नेशनल हाईवे-53 पर स्थित देवभूमि परिसर में नरेंद्र सिंह को राजेश बिहारी ने 4 करोड़ रुपये के हिसाब-किताब और बातचीत के लिए बुलाया था। इसी बीच विवाद शुरू हो गया और वहां मौजूद राजेश बिहारी के दोस्त विजय मेनन, अशोक और विक्की ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि नरेंद्र सिंह के पेट पर चाकू से तीन से चार वार किए गए। घटना के बाद नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आरोपियों ने उसे मृत समझकर वहां से फरार होने की कोशिश की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है।

युवक आईसीयू में भर्ती

गंभीर हालत में नरेंद्र सिंह को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी स्थिति को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। घायल का आईसीयू में इलाज जारी है।

5 आरोपी गिरफ्तार

मामले में मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य हमलावर विजय मेनन, विक्की सिंह, अशोक सिंह सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। वहीं, देवभूमि के संचालक और नरेंद्र सिंह के पार्टनर बताए जा रहे राजेश सिंह सहित एक अन्य आरोपी फरार है।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। राजेश सिंह ने नरेंद्र सिंह को बातचीत के लिए बुलाया था, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H