आशुतोष द्विवेदी, रीवा। जिले के अतरैला थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध इटमा वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ वॉटरफॉल घूमने आया था, जहां सेल्फी लेने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी मोहम्मद तनवीर अपने दो दोस्तों के साथ इटमा वॉटरफॉल घूमने आया था। तीनों युवक वॉटरफॉल के बीच पानी में बैठकर फोटो और सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक तनवीर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह पानी से बाहर नहीं निकल सका। घटना की सूचना मिलते ही अतरैला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर युवक के शव को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से होना बताया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इटमा वॉटरफॉल में हुई इस दुखद घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m