अनमोल मिश्रा, सतना। शहर के सतना स्टार मल्टीस्पेशलिटी और पाठक नर्सिंग होम के डॉक्टरों की कथित लापरवाही के चलते युवक की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने अस्पताल और कोलगवां थाना में हंगामा कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
किडनी में पथरी की शिकायत पर ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के देवेंद्रनगर निवासी रवि रजक को किडनी में पथरी की शिकायत थी। परिजन उसे इलाज के लिए सतना स्टार मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने एक किडनी में गंभीर समस्या बताते हुए ऑपरेशन की सलाह दी। 4 अप्रैल को मरीज का ऑपरेशन किया गया, जो करीब पांच घंटे तक चला। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही बरती और दूसरी स्वस्थ किडनी में भी कट लगा दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर देख अस्पताल प्रबंधन ने उसे आनन-फानन में रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर कर दिया।
दूसरी किडनी को भी निकालना पड़ा
वहां डॉक्टरों ने जब जांच और इमरजेंसी ऑपरेशन किया तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। बताया गया कि दूसरी किडनी पर गहरा कट था, जिसे धागे से बांध दिया गया था। इससे खून का रिसाव हुआ और किडनी ने काम करना बंद कर दिया। रीवा के डॉक्टरों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन संक्रमण और आंतरिक क्षति अधिक होने के कारण दूसरी किडनी को भी निकालना पड़ा। इसके बाद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

