आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रविवार देर शाम दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।

पढ़िए पूरी खबर

यह घटना नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास हुई। मृतक की पहचान मोनू (27) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच शुरु हुआ विवाद खूनी वारदात तक पहुंच गया और मोनू के पेट में चाकू लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामूली बात को लेकर हुआ विवाद

सीएसपी सुमित कुमार ने लल्लूराम डॉट कॉम को जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल पर एक वेल्डिंग की दुकान थी। वहां बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ। एक व्यक्ति को वहां बैठने से मना किया गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने एक बार चाकू से वार किया, जो चेस्ट के करीब हार्ट के पास लगा। हमले में चोट लगने के बाद ब्लीडिंग ज्यादा नहीं हुई थी, लेकिन घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की पूछताछ के बाद ही घटना के पूरे घटनाक्रम और विवाद की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H