कैथल। हरियाणा के कैथल जिले का 26 वर्षीय सिमरनजीत सिंह अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। शनिवार रात जब वह रास्ते में हुए एक अन्य एक्सीडेंट के कारण अपना केमिकल से भरा ट्रक साइड में लगाकर खड़ा था, तभी पीछे से आए एक बेकाबू ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रक में अचानक लगी आग

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिमरनजीत के ट्रक में अचानक आग लग गई और वह ट्रक के भीतर ही जिंदा जल गया। सिमरनजीत करीब 10 साल पहले घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के सपने लेकर डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सिमरनजीत की मौत की खबर मिलते ही कैथल में रहने वाले उसके माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई ने बताया कि परिवार ने करीब 50 लाख रुपये खर्च करके उसे विदेश भेजा था और हाल ही में उसका रिश्ता भी तय हो चुका था।

हादसे ने खुशियों को मातम में बदला

परिवार जल्द ही उसकी शादी करने की योजना बना रहा था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक के पिता गुरनाम सिंह और माता सुरजीत कौर ने सरकार से अपील की है कि उनके बेटे के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए भारत लाने में मदद की जाए। सिमरनजीत की दो बहनें भी अमेरिका में ही रहती हैं, जबकि एक बहन कैथल में रहती है।