पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण जिले में आज सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ी बैज गांव निवासी धर्मनाथ सिंह के 26 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। जबकि घटना मढ़ौरा थाना क्षेत्र स्थित तेजपुरवा चौक के पास की है।

बाइक सवार अपराधियों ने की फायरिंग

बताया जा रहा है कि बिट्टू कुमार तेजपुरवा चौक स्थित एक गुमटी पर कुछ सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक से गौरा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नाराज ग्रामीणों ने आगजनी कर जाम की सड़क


दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही सारण के एसएसपी, ग्रामीण एसपी, मढ़ौरा और गौरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।

जांच के लिए एसआईटी का गठन

घटना को लेकर एसपी विनीत कुमार ने कहा कि, मामले की निष्पक्षता से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि हत्या की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच करेगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें- पप्पू यादव पर हमले को लेकर बिहार में उबाल, सुपौल और सहरसा में फूंका गया अमित शाह का पुतला