संदीप शर्मा, विदिशा। विदिशा शहर के जतारपुरा इलाके में गुरुवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चाकू से हुए हमले में 23 वर्षीय शुभम मराठा की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक जतारपुरा निवासी शुभम मराठा अपने भाई के साथ काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान इलाके में स्थित एक कवाड़े की दुकान के पास रोहित मराठा ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि रोहित मराठा और उसके साथियों ने शुभम पर चाकुओं से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल शुभम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में कराया।

