राकेश चतुर्वेदी, बैतूल/भोपाल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे में 35 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से युवक के दोनों पैर कट गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान हेमंत पिता हीरा उम्र 35 वर्ष निवासी रामनगर के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत नाजुक होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया।
जीआरपी पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हेमंत कथित रूप से शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक के दोनों पैर कट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल युवक का भोपाल में उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

