Bihar Crime: बिहार के गोपालगंज से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां कटहल चोरी के आरोप में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। पूरा मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र मठिया गांव की है। घटना के बारे में बताया जा रहा है की गांव के ही एक युवक ने अफरोज नाम के युवक पर कटहल चोरी का आरोप लगाया।

इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने चाकू से अफरोज पर हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही जमीन पर गिर गया।

आरोपी युवक की पेड़ से बांधकर पिटाई

आरोपी युवक ने अफरोज पर तीन बार चाकू से हमला किया। इस दौरान वह लहूलुहान हो गया और चीखने चिल्लाने लगा। चीख सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पाया कि अफरोज खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है, जिसे देख लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान आरोपी युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पेड़ में बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल कायम हो गया।

पुलिस ने आरोपी भीड़ के चुंगल से बचाया

इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 और स्थानीय पुलिस ने किसी तरह आरोपी को गुस्साई भीड़ की चुंगल से बचाया और उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई। वहीं, घायल अफरोज को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कटिहार में बैंगन के लिए महिला की पीट-पीटकर हत्या

आपको बता दें कि बीते 24 घंटे में यह ऐसी दूसरी घटना है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले कटिहार में बैंगन के पौधों को लेकर हुए मामूली विवाद में एक महिला की इतनी पिटाई कर दी गई, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, अब गोपालगंज में महज कटहल चोरी के आरोप में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने की घटना सामने आई है।

ये भी पढ़ें- अवैध संबंध का राज खुलने के डर से मां ने रची 11 साल की बेटी की हत्या की साजिश, प्रेमी गिरफ्तार