ZIM vs SA T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज सुपर 8 स्टेज के मुकाबले में ज़िम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका की टीमें आमने-सामने हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद टीम ने कप्तान सिकंदर रज़ा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 153 रन बनाए। अब साउथ अफ्रिका को इस मुकाबले में जीत दर्ज करने के लिए 154 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।

बता दें कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पावरप्ले के भीतर ही टीम ने दो अहम विकेट गंवा दिए। भारत के खिलाफ पिछले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले ब्रायन बेनेट भी इस बार बड़ी पारी नहीं खेल सके और जल्दी पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों का असर पूरी पारी पर पड़ा और टीम 87 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते पांच विकेट खो चुकी थी।

ऐसे मुश्किल समय में कप्तान सिकंदर रज़ा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने एक छोर से पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और शानदार अर्धशतक जड़ा। रज़ा ने 43 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 73 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनकी इस सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे की टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

रज़ा के अलावा क्लाइव मदांडे ने 26 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सका। साउथ अफ्रीका के लिए गेंदबाजी में क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट झटके। जॉर्ज लिंडे, लुंगी एनगिडी और एनरिक नॉर्त्या को एक-एक विकेट मिला।

गौरतलब है कि दोनों ही टीमों का यह इस वर्ल्ड कप में आखिरी सुपर 8 मुकाबला है। साउथ अफ्रीका 2 में से 2 मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। दूसरी ओर, ज़िम्बाब्वे 2 में से 2 मुकाबले हारकर बाहर हो चुकी है।

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग 11

एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नोर्टजे, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी

जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11

तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, क्लाइव मडांडे, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी

मैच कहां देखें लाइव?

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच सुपर-8 चरण के इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध है।

मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही आप Lalluram.com वेबसाइट पर भी मैच का लाइव स्कोर देख सकते है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H