परवेज खान, प्रतापनगर। कस्बा प्रतापनगर में कैल-ताजेवाला हाईवे का निर्माण कार्य लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण एजेंसी की लापरवाही के चलते सर्विस लाइन की खुदाई के बाद गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया, जिनमें बारिश का पानी भरकर पूरी सड़क तालाब जैसी नजर आने लगी है।


इस वजह से आमजन का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है, जो रोजाना कीचड़ और पानी से भरी सड़क पर फिसलकर गिर रहे हैं। उनके कपड़े और किताबें खराब हो रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है।


पानी भरे गड्ढों में हुए कई हादसे
दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह रास्ता खतरनाक बन चुका है। खासकर स्कूटी सवार महिलाएं गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रही हैं। कई लोगों ने बताया कि पानी भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।


वहीं, स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहक उनकी दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ रहा है और पिछले कई दिनों से बिक्री में भारी गिरावट आई है।


लोगों को जलभराव से चाहिए निजात
कस्बावासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार निर्माण एजेंसी से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब नाराज लोग जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर जलभराव की समस्या से राहत दिलाई जाए।