सोनीपत। हरियाणवी लोक संगीत और रागनी जगत से एक बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है। मशहूर रागनी गायक और स्टेज परफॉर्मर पेप्सी शर्मा का अचानक निधन हो गया है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा था। इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पेप्सी शर्मा महज 38 साल के थे। उनके परिवार में अब उनकी 10 साल की बेटी और 7 साल का एक बेटा है। इस असमय मौत से पूरे हरियाणवी कलाकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
असली नाम था यशपाल, स्टेज पर पेप्सी शर्मा बनकर छाए
बहुत कम लोग जानते हैं कि पेप्सी शर्मा का असली नाम यशपाल शर्मा था। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के पतला गांव के रहने वाले थे। यूपी के होने के बावजूद बचपन से ही उनका झुकाव हरियाणवी भाषा और यहां की लोक संस्कृति की तरफ था। उन्होंने अपनी दमदार गायकी और अनोखे अंदाज के दम पर हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर में एक खास पहचान बनाई थी। हरियाणा के ग्रामीण इलाकों और गोशालाओं में होने वाले रागनी कॉम्पिटिशन में उनकी मौजूदगी अनिवार्य मानी जाती थी।
सपना चौधरी को नागिन डांस में दी थी टक्कर, वीडियो हुआ था वायरल
पेप्सी शर्मा ने अपने करियर में हरियाणवी क्वीन सपना चौधरी के साथ कई सुपरहिट लाइव स्टेज शो किए थे। दोनों की जुगलबंदी दर्शकों को खूब पसंद आती थी। एक मशहूर वाकये के अनुसार, एक लाइव प्रोग्राम के दौरान स्टेज पर नागिन डांस करते हुए पेप्सी शर्मा ने सपना चौधरी को भी पीछे छोड़ दिया था। एक बड़ी म्यूजिक कंपनी ने इस डांस का वीडियो यूट्यूब पर रिलीज किया था, जिसे 6 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे। इसके अलावा उनकी गाई रागनी ‘पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिख्यै’ आज भी बेहद पॉपुलर है, जिस पर सपना चौधरी के डांस वीडियो को 15 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं। मशहूर गायिका राजबाला के साथ भी उन्होंने कई हिट सांस्कृतिक कार्यक्रम किए थे।
बिना बताए शुरू किया था सफर, टीवी देखकर घरवालों को चला पता
पेप्सी शर्मा के भाई ने उनकी पुरानी यादों को साझा करते हुए बताया कि करीब 20 साल पहले यशपाल ने घर में किसी को बिना बताए गाना और रागनी गाना शुरू किया था। वे गुपचुप तरीके से कॉम्पिटिशन में जाते थे। एक दिन जब उनका प्रोग्राम पहली बार टेलीविजन पर प्रसारित हुआ, तब जाकर परिवार और रिश्तेदारों को पड़ोसियों के जरिए पता चला कि यशपाल टीवी पर गा रहे हैं। तब तक वे पेप्सी शर्मा के नाम से मशहूर हो चुके थे।
छह भाइयों में सबसे छोटे थे, स्टार प्लस तक बनाई पहचान
यशपाल शर्मा अपने छह भाइयों में सबसे छोटे और सबके लाडले थे। उनके एक भाई टीचर हैं और बाकी भाई अलग-अलग बिजनेस करते हैं। परिवार के बीच रहकर भी उन्होंने संगीत की दुनिया में एक बिल्कुल अलग मुकाम हासिल किया। उन्होंने सिर्फ लोकल स्टेज ही नहीं, बल्कि नेशनल टीवी चैनल्स पर भी अपनी प्रतिभा दिखाई थी। वे स्टार प्लस के मशहूर शो ‘यह दिल है हिंदुस्तानी’ में अपनी प्रस्तुति दे चुके थे। इसके अलावा ‘अरे ओ मेरी जान राधा’ और बिंदास चैनल के कई शोज में भी उन्होंने अपनी गायकी का लोहा मनवाया था। उनके निधन पर सपना चौधरी समेत तमाम लोक कलाकारों ने गहरा दुख जताया है।

