Asian Games 2026: एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना होने से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की तैयारियों में किट और होटल को लेकर अड़चन सामने आई है। खिलाड़ियों को सही साइज की आधिकारिक जर्सी नहीं मिल पाने के बीच BCCI और IOA के किट सप्लायर के बीच बातचीत जारी है।

20 सितंबर की सुबह जापान रवाना होगी टीम इंडिया

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम रविवार, 20 सितंबर की सुबह दिल्ली से जापान के लिए रवाना होगी। टीम को एशियन गेम्स में हिस्सा लेना है, लेकिन रवाना होने से पहले खिलाड़ियों की किट को लेकर कुछ व्यवस्थागत दिक्कतें सामने आईं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के किट सप्लायर जेएसडब्ल्यू इंस्पायर के बीच खिलाड़ियों को सही साइज की जर्सी उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत चल रही है।

कुछ किट अभी बाकी, जल्द टीम को मिलेंगी

IOA से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, खिलाड़ियों के किट साइज को लेकर समस्या सामने आई थी। हालांकि, इसे काफी हद तक सुलझा लिया गया है।

कुछ किट अभी उपलब्ध कराई जानी बाकी हैं। इन्हें जल्द ही टीम तक पहुंचाने की तैयारी है। सूत्र के अनुसार, खिलाड़ियों के लिए दो अलग-अलग तरह की जर्सी उपलब्ध कराई जानी थी। इसी वजह से किट के साइज को लेकर परेशानी पैदा हुई।

जापान के खिलाफ रेगुलर जर्सी में खेलेगी टीम

भारतीय पुरुष टीम एशियन गेम्स से पहले 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी।

इस मैच में टीम इंडिया के खिलाड़ी अपनी नियमित भारतीय जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे। वहीं, 28 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के मुकाबलों में खिलाड़ी आधिकारिक गेम्स जर्सी में नजर आएंगे।

छोटे कमरे मिले तो BCCI ने खुद कराया होटल का इंतजाम

किट के अलावा नागोया में भारतीय पुरुष टीम के ठहरने को लेकर भी परेशानी सामने आई। IOA की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरे खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त बड़े नहीं थे।

सूत्र के मुताबिक, कमरों में खिलाड़ियों के किट बैग रखने तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। इसके बाद BCCI ने खुद हस्तक्षेप करते हुए पुरुष टीम के लिए होटल की व्यवस्था की।

इसे भी पढ़ें: Asian Games 2026: तेजिंदरपाल सिंह तूर की जगह पवन सहरावत बने ध्वजवाहक, जानिए वजह…

महिला टीम के ठहरने में नहीं आई परेशानी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के ठहरने को लेकर ऐसी समस्या सामने नहीं आई है। महिला टीम IOA की ओर से उपलब्ध कराई गई व्यवस्था में ही ठहरी हुई है। वहीं, पुरुष टीम के लिए बड़े कमरे उपलब्ध नहीं होने के बाद BCCI ने जापान रवाना होने से पहले खिलाड़ियों के लिए अलग होटल का इंतजाम किया।

एशियन गेम्स में नहीं बनाया गया पारंपरिक गेम्स विलेज

इस बार एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के लिए अलग से पारंपरिक गेम्स विलेज नहीं बनाया गया है। खिलाड़ियों को क्रूज जहाजों, कंटेनरों और होटलों में ठहराया जा रहा है। इस व्यवस्था के चलते कुछ खिलाड़ियों को अपने कमरों में जाने के लिए घंटों इंतजार भी करना

20 सितंबर को महिला टीम का सेमीफाइनल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम 20 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ एशियन गेम्स का दूसरा सेमीफाइनल खेलेगी। वहीं, भारतीय पुरुष टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मुकाबले के साथ एशियन गेम्स से पहले अपनी तैयारी को आगे बढ़ाएगी। इसके बाद 28 सितंबर से टीम आधिकारिक एशियन गेम्स जर्सी में मुकाबलों में उतरेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H