Rohit Sharma TV Debut: क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले रोहित शर्मा अब टीवी स्क्रीन पर एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित आज यानी 19 सितंबर 2026 को अपने नए शो ‘Family Full House with Rohit Sharma’ के साथ टीवी डेब्यू करेंगे।
रोहित के इस नए सफर की सबसे खास बात इसकी तारीख है। 19 सितंबर 2007 को उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। अब ठीक 19 साल बाद इसी तारीख को वह मनोरंजन की दुनिया में बतौर होस्ट कदम रख रहे हैं। यानी 19 सितंबर रोहित के लिए क्रिकेट के साथ-साथ टीवी करियर में भी एक खास तारीख बन गई है।
क्रिकेट की पिच से मनोरंजन के मंच तक
‘Family Full House’ में रोहित शर्मा क्रिकेटर नहीं, बल्कि होस्ट की भूमिका निभाएंगे। शो में वह प्रतिभागियों और मेहमानों के साथ बातचीत करेंगे और उन्हें अलग-अलग मजेदार चुनौतियां भी देंगे।
शो का फॉर्मेट परिवार और दोस्तों के साथ बिताए जाने वाले पलों, हंसी-मजाक और मनोरंजक टास्क पर आधारित है। पहले एपिसोड की थीम ‘Squad Goals’ है, जिसमें दर्शकों को रोहित के क्रिकेट से जुड़े साथियों के साथ उनकी ऑफ-फील्ड बॉन्डिंग की झलक भी देखने को मिलेगी।
श्रेयस अय्यर के साथ मस्ती, शार्दुल ठाकुर से मजेदार बातचीत
शो के प्रोमो ने पहले ही इसकी झलक दिखा दी है। श्रेयस अय्यर रोहित शर्मा के साथ मजाक करते और उनकी टांग खींचते नजर आ रहे हैं। वहीं शार्दुल ठाकुर के साथ भी रोहित की बातचीत में मस्ती और हंसी-मजाक देखने को मिल रहा है।

एक प्रोमो में रोहित और श्रेयस अय्यर वायरल ‘कोई शहरी बाबू’ रील पर डांस करते भी दिखाई देते हैं। क्रिकेट के मैदान पर गंभीर नजर आने वाले दोनों खिलाड़ियों का यह अंदाज फैंस के लिए अलग अनुभव होने वाला है।
भारती सिंह-हर्ष लिम्बाचिया और कुणाल खेमू भी शो में
रोहित के शो में सिर्फ क्रिकेटर्स ही नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत के चर्चित चेहरे भी नजर आएंगे। प्रोमो में भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया दिखाई दे रहे हैं।
अभिनेता कुणाल खेमू भी शो का हिस्सा होंगे। इसके अलावा कुणाल खेमू की फिल्म ‘वाइब’ की स्टार कास्ट के पहले एपिसोड में नजर आने की भी चर्चा है।
इन मेहमानों के साथ रोहित की बातचीत और शो में होने वाली गतिविधियां पहले एपिसोड को मनोरंजन से भरपूर बना सकती हैं।
कब और कहां देख सकेंगे ‘Family Full House’?
‘Family Full House with Rohit Sharma’ का प्रसारण Sony Entertainment Television पर होगा। डिजिटल दर्शक इसे Sony LIV पर भी देख सकेंगे।
शो का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे किया जाएगा। यानी वीकेंड पर दर्शकों को रोहित शर्मा का क्रिकेट से अलग अंदाज देखने का मौका मिलेगा।
टीवी डेब्यू के कुछ दिन बाद फिर मैदान पर रोहित
रोहित शर्मा के फैंस के लिए दिलचस्प बात यह भी है कि टीवी पर नई पारी शुरू करने के बाद वह जल्द ही क्रिकेट के मैदान पर भी नजर आएंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए रोहित शर्मा को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। BCCI की ओर से घोषित 15 सदस्यीय टीम में रोहित के साथ विराट कोहली को भी जगह मिली है। शुभमन गिल टीम के कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान होंगे।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच ODI सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
इससे पहले रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक लगाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में भी उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



