दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। बारिश की दस्तक के साथ ही सांपों के घर से निकलने का सिलसिला शुरू हो चुका है। लेकिन नर्मदापुरम के सांगा खेड़ा में जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। यहां एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 10 फीट लंबे भारी-भरकम ‘रेट स्नेक’ (घोड़ा पछाड़ सांप) की जान आफत में पड़ गई। ​

हुआ यूं कि यह विशालकाय सांप सांगा खेड़ा गांव में एक कटीली फेंसिंग (तारबाड़) में बुरी तरह फंस गया। छटपटाते सांप को देख गांव वालों के हाथ-पैर फूल गए। फौरन ‘सर्प मित्र’ सागर यादव को फोन लगाया गया। सागर अपनी टीम (बृजेश केवट और आदित्य मेहरा) के साथ मौके पर पहुंचे और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

​तारों की वजह से सांप गंभीर रूप से घायल हो चुका था। सर्प मित्र उसे तुरंत नर्मदापुरम के पशु चिकित्सालय लेकर भागे। वहां डॉक्टरों ने बिना वक्त गंवाए सांप को सीधे ऑपरेशन टेबल पर लिटा दिया। डॉ अरविंद गुप्ता ने बताया कि सांप काफी घायल था। हमारी टीम (पंडित रामगोपाल मिश्रा, डॉ. प्रियंका शाक्य, डॉ. अंजली चौधरी और प्रफुल्ल मेहरा) ने मिलकर उसकी सर्जरी की। जख्म गहरा होने के कारण सांप को 8 टांके  लगाने पड़े। फिलहाल ड्रेसिंग कर दी गई है। 

सर्प मित्र सागर यादव ने बताया कि डॉक्टरों ने सांप को दो-तीन दिन वन विभाग की निगरानी में ‘होल्ड’ पर रखने को कहा है। रोजाना उसका हॉस्पिटल में चेकअप होगा और जख्म सूखते ही उसे जंगल में आजाद कर दिया जाएगा। सर्प मित्र बृजेश केवट ने जनता से अपील की है कि बारिश में सांप निकलने पर उन्हें मारें नहीं, बल्कि तुरंत सर्प मित्रों को सूचना दें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m