सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। जिले के रुन्नीसैदपुर थाना अंतर्गत एक अत्यंत घटना सामने आई है जहां मोहर्रम का मेला देखकर घर लौट रहे एक 10 वर्षीय मासूम की सड़क हादसे में असमय जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

​कैसे हुई घटना?

​प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोरसंड पंचायत के गईघट वार्ड संख्या 3 निवासी इंदल दास के 10 वर्षीय पुत्र दीपेश कुमार के रूप में हुई है। दीपेश अपने एक दोस्त के साथ साइकिल पर सवार होकर थूम्मा चौक से मोहर्रम का जुलूस और मेला देखकर अपने घर की ओर वापस लौट रहा था। अभी वे गईघट इलाके के पास ही पहुंचे थे कि तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
​टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपेश साइकिल से छिटक कर सड़क पर जा गिरा और ट्रक के पहियों के नीचे आने से उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गनीमत यह रही कि उसके साथ मौजूद दूसरा बच्चा इस हादसे में बाल-बाल बच गया, जिसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वह इस भयावह मंजर को देखकर बुरी तरह सहम गया है।

​परिवार में मचा कोहराम

​मृतक दीपेश अपने भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। ग्रामीणों का कहना है कि दीपेश एक होनहार बच्चा था जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

​आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने मुआवजे और ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर घटनास्थल के पास सड़क को कई घंटों तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

​पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही रुन्नीसैदपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।