दिल्ली में अब लोगों को सार्वजनिक शौचालय की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। दिल्ली सरकार ने बाजारों, हाईवे, पार्कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में 1,000 नए पब्लिक टॉयलेट ब्लॉक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। योजना के पहले चरण में 500 नए आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने 127 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इन टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण ऐसे स्थानों पर किया जाएगा, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरत महसूस होती है। इस योजना को हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में हुई वित्त एवं व्यय समिति (EFC) की बैठक में मंजूरी दी गई।

300 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में राजधानी में नए पब्लिक टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। योजना के तहत खासतौर पर बाजारों, पार्कों के आसपास और सड़क किनारे उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां महिलाओं को सार्वजनिक शौचालय की कमी के कारण अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इन इलाकों में बनेंगे नए टॉयलेट

सरकार ने फिलहाल जिन स्थानों की पहचान की है, उनमें सिविल लाइंस, आनंद विहार, एम्स कैंपस, अगस्त क्रांति मार्ग, सूरजमल विहार, झिलमिल, लक्ष्मीबाई मार्ग, अरुणा नगर-तिमारपुर और मेटकॉफ हाउस समेत कई प्रमुख सार्वजनिक स्थान शामिल हैं। पहले चरण में 500 आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक के लिए 127 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने के बाद अब इन स्थानों पर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। सरकार की योजना चरणबद्ध तरीके से कुल 1,000 नए पब्लिक टॉयलेट ब्लॉक तैयार करने की है।

सुरक्षा के लिए एंट्री पॉइंट पर लगेंगे CCTV कैमरे

सरकार के मुताबिक, नए पब्लिक टॉयलेट ब्लॉक में सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इनके एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की व्यवस्था रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके। इन टॉयलेट ब्लॉक पर ग्रिड-कनेक्टेड सोलर सिस्टम भी लगाए जाएंगे। इससे सुविधाओं के संचालन में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं, जरूरत से अधिक बनने वाली बिजली को ग्रिड में भेजने की व्यवस्था भी होगी। इससे ऊर्जा की बचत के साथ-साथ बिजली की लागत कम करने में मदद मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m