अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डेहरी के बीएमपी में BSAP-2 के पुलिस ट्रेनिंग कैंप में 16 किलोमीटर दौड़ की ट्रेनिंग के दौरान 11 प्रशिक्षु महिला सिपाही बेहोश हो गई। सभी को इलाज के लिए पहले डेहरी के अनुमंडलीय अस्पताल में लाया गया, जहां से 4 महिला प्रशिक्षु सिपाहियों को गंभीर स्थिति में सासाराम रेफर किया गया है।

एक प्रशिक्षु सिपाही की हुई थी मौत

बता दें कि बीएसएपी-दो में इन दिनों न्यू चयनित जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है। पिछले सप्ताह भी 16 किलोमीटर की रेस के दौरान कई प्रशिक्षु पुरुष सिपाही बीमार हो गए थे, जिसमें से एक की मौत भी हो गई थी। वही आज फिर 16 किलोमीटर के दौड़ के ट्रेनिंग के दौरान 11 प्रशिक्षु महिला जवान बेहोश हो गई है। इसका कारण हीट वेव में बताया जा रहा है।

अचानक बेहोश होकर ट्रैक पर गिरने लगी लड़कियां

सुबह से तेज धूप तथा गर्मी में ट्रेनिंग की दौड़ के दौरान अचानक कई लड़कियां दौड़ते-दौड़ते बेहोश होकर ट्रैक पर ही गिरने लगी। इसके बाद सभी बेहोश लड़कियों को इलाज के लिए डेहरी के अनुमंडलीय अस्पताल में लाया गया। बेहोश लड़कियों का इलाज करने वाले चिकित्सक चिकित्सक डॉ. प्रणव भारती ने बताया कि हीट वेव के कारण बच्चियों बीमार हुई है। इन सभी को सासाराम रेफर किया गया है। चुकी डेहरी के अनुमंडलीय अस्पताल में आईसीयू की सुविधा नहीं है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर बच्चियों को सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी तथा पेट में दर्द की शिकायत है तथा ऑक्सीजन लेवल में भी समस्या आ रही है।

बच्चियों से मिलने पहुंचे एसडीपीओ-1

महिला प्रशिक्षु सिपाहियों की तबीयत खराब होने की खबर सुनकर बीमार बच्चियों से मिलने के लिए सासाराम के एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार सासाराम के सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उनका हालचाल जाना। बता दें की सासाराम की सदर अस्पताल में मुजफ्फरपुर की श्यामली कुमारी, बेतिया की विनीता कुमारी तथा लखीसराय की सोनम कुमारी को भर्ती कराया गया है। वहीं, एक महिला सिपाही को बेहतर इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल से जमुहार के नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें- पाटलिपुत्र जंक्शन पर हंगामा: पुलिस ने 500 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR, अब तक 6 लोग गिरफ्तार