Patliputra Junction Uproar: पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर हुए बवाल को लेकर पुलिस ने 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही मामले में अभी तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि 4,128 पदों पर सिपाही भर्ती के लिए आज 14 जून और 16 जून को परीक्षा आयोजित की गई है। इस बीच पहले दिन पेपेर देने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचे थे, जहां से ट्रेन के माध्यम से उन्हें अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर जाना था।
अभ्यर्थियों के एक समूह ने की तोड़फोड़
इस बीच अभ्यर्थियों का एक समूह ने ट्रेन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और देरी से ट्रेन के पहुंचने पर आक्रोशित हो उठा और स्टेशन परिसर में ही जमकर तोड़फोड़ करने लगा। देखते ही देखते छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेन के इंजन पर सवार होकर स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने रेलवे संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी पुलिस
रेल आईजी अमरेश कुमार ने बताया कि, हालात बिगड़ने पर आरपीएफ और जिला पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। रेलवे ट्रैक को खाली कराने के लिए हल्का बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि, फिलहाल रेलवे स्टेशन पर हुई घटना की जांच जारी है। पुलिस CCTV फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
IG समेत कई पुलिसकर्मी हुए थे घायल
हंगामे के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान अभ्यर्थियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव करना भी शुरू कर दिया, जिसमें रेल IG जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है।
अभ्यर्थियों द्वारा प्रदर्शन और रेलवे पटरी को जाम करने के कारण रेल परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। पाटलिपुत्र स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- पति के अवैध संबंध से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, काफी देर तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

