अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां आज रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब पति के कथित अवैध संबंधों और घरेलू कलह से तंग आकर एक विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ा देख स्थानीय ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की पहचान मोहनपुर गांव निवासी सोनम शर्मा के रूप में की गई है।

शादी के बाद से चल रहा था विवाद

​मिली जानकारी के अनुसार, सोनम शर्मा की शादी साल 2019 में विजयीपुर थाना क्षेत्र के खूटहां गांव में हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी। देखते ही देखते पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि घर में हर रोज कलह होने लगी।

​पति के अवैध संबंध से डिप्रेशन में थी महिला

​महिला और मायके पक्ष का आरोप है कि सोनम के पति का किसी गैर महिला के साथ अवैध संबंध है, जिसका सोनम लगातार विरोध कर रही थी। बावजूद इसके पति अपनी हरकतों में कोई सुधार लाने को तैयार नहीं था, जिसे लेकर वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। इस बीच आज रविवार की सुबह उसके सब्र का बांध टूट गया और उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई।


​पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कटेया थाना पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और मुखिया प्रतिनिधि आलोक तिवारी ने महिला से बातचीत करने की कोशिश की। उन्होंने महिला को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और कड़ी मशक्कत के बाद, आखिरकार महिला को मोबाइल टावर पर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

​इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

​सोनम शर्मा के मोबाइल टावर पर से सुरक्षित नीचे आने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, यह घटना पूरे क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई और हर तरफ इसी की चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि महिला को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है और दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की जा रही है, ताकि पारिवारिक विवाद को सुलझाया जा सके।

ये भी पढ़ें- पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर भारी बवाल: अभ्यर्थियों ने पुलिस और RPF पर चलाए पत्थर, IG समेत कई घायल