कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर भारी बवाल हुआ है। दरअसल रविवार की देर रात उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब मद्य निषेध विभाग के लिए सिपाही भर्ती की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने ट्रेन के देरी से पहुंचने पर जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। ट्रेन के देरी होने से नाराज अभ्यर्थियों ने स्टेशन परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। वहीं, कुछ अभ्यर्थी ट्रेन के इंजन पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे।
रेलवे परिसर में जमकर तोड़फोड़
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन के निर्धारित समय से काफी देर से पाटलिपुत्र जंक्शन पर पहुंची, जिसके कारण घंटों से ट्रेन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा भड़क उठा। देखते ही देखते छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेन के इंजन पर सवार होकर स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने रेलवे संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
IG समेत कई पुलिसर्मी घायल
हंगामे की जानकारी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों को समझाने और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित अभ्यर्थियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। हंगामे के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान अभ्यर्थियों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव करना भी शुरू कर दिया, जिसमें रेल IG जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है।
परीक्षा रद्द करने की मांग
हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप था की ट्रेन के देरी होने से उन्हें अपने-अपने परीक्षा केंद्र पहुंचने में परेशानी हो रही है। उनका कहना था की उनका परीक्षा केंद्र दूर है, जिसके लिए वे समय से पहले ही स्टेशन पर पहुंचकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि ट्रेन के देरी होने से अब परीक्षा केंद्र पर उन्हें पहुंचने में काफी मुश्किल होगी, जिसके लेकर कई अभ्यर्थी ट्रेन की पटरी पर ही लेट गए और सिपाही भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग करने लगे।
ट्रेनों को परिचालन हुआ बाधित
अभ्यर्थियों द्वारा प्रदर्शन और रेलवे पटरी को जाम करने के कारण रेल परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। पाटलिपुत्र स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा। जबकि कई ट्रेनों का रूट बदलान पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू की बैठक, कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, राजद कार्यालय में PC

