कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

राजद कार्यालय में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समते पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रह सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लालू-राबड़ी की सुरक्षा हटाए जाने और राबड़ी आवास को लेकर जारी विवाद पर पार्टी अपनी बात रख सकती है। इसके साथ ही पार्टी के नेता प्रदेश में बढ़ते अपराध और सरकार की नाकामियों को भी मीडिया के सामने रख सकती है।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम रविवार, 14 जून 2026 को पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह प्रेस वार्ता दोपहर 1 बजे आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इस दौरान राजेश राम प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखेंगे तथा समसामयिक राजनीतिक घटनाक्रमों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे। संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रह सकते हैं।