Bihar Today Weather: बिहार के मौसम में हुए बदलाव के कारण प्रदेश में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हुई हैं। कल शनिवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। इस बीच आज रविवार (14 जून) को भी मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज रविवार (14 जून) को राज्य के 14 जिलों में मौसम के खराब रहने की चेतावनी दी है। इन जिलों में आंधी-पानी को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। साथ ही आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
20 जून तक बारिश-आंधी का खतरा
अररिया, खगड़िया, गया, पटना, जमुई, बांका, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, भोजपुर और वैशाली समेत कुछ जिलों में 14 से लेकर 20 जून तक छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान इन जिलों में तेज बारिश के साथ ठनका गिरने और आंधी का भी खतरा बना रहेगा।
अगले 48 घंटे में हो सकती है मानसून की एंट्री
मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में लगातार नमी बनी हुई है, जिसके कारण बिहार में मानसून की गतिविधियां काफी मजबूत बनी हुई हैं। विभाग ने अगले 22 जून तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। वहीं, अगले 48 घंटे में बिहार में मानसून की एंट्री होने की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें- पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर भारी बवाल: अभ्यर्थियों ने पुलिस और RPF पर चलाए पत्थर, IG समेत कई घायल

