जूनागढ़/अहमदाबाद: गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश ने न सिर्फ इंसानी जिंदगी की रफ्तार रोक दी है, बल्कि जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों के जीवन में भी उथल-पुथल मचा दी है। सौराष्ट्र इलाके से एक बेहद दुर्लभ और हैरान कर देने वाला नजारा सामने आया है, जहां गिर के जंगल से निकलकर 12 शेरों का एक पूरा कुनबा सड़क पर आ गया। बारिश के बीच शेरों का यह झुंड जब सड़क पर टहलने निकला, तो वहां से गुजर रही गाड़ियों के पहिए पूरी तरह थम गए।
जामवाला-मधुपुर रोड पर लगा ट्रैफिक जाम
यह घटना गिर सोमनाथ और जूनागढ़ जिले के बीच स्थित जामवाला-मधुपुर रोड की है। रविवार शाम को अचानक 12 शेरों का एक झुंड जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पर आ गया। इस झुंड में शेरनियां और कई छोटे-युवा बच्चे शामिल थे। सड़क पर शेरों के अचानक आ जाने से राहगीरों में कौतूहल और डर का माहौल बन गया।

वाहनों के चालकों ने तुरंत अपनी गाड़ियां रोक लीं और इस विरला व अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करने लगे। शेरों का यह कुनबा बेफिक्र होकर काफी देर तक सड़क पर टहलता रहा। शेरों की मौजूदगी की वजह से दोनों तरफ ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया। कुछ समय तक सड़क पर विचरण करने के बाद शेरों का यह झुंड सुरक्षित जंगल की ओर वापस लौट गया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो पाया।
बारिश से बेहाल हुए वन्यजीव
गुजरात में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से इंसानों के साथ-साथ जंगली जानवर भी काफी प्रभावित हुए हैं। जंगलों और निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण जंगली जीव जान बचाने के लिए रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं।
वडोदरा और आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी कम होने के बाद जब लोग अपने घरों में लौटे, तो उन्हें कई जगह मगरमच्छ और जहरीले सांप मिले। स्थानीय लोगों को अब घर साफ करने से पहले वन विभाग की मदद से इन जंगली जीवों को रेस्क्यू कराकर वापस नदियों और जंगलों में छोड़ना पड़ रहा है।
राज्य के 24 बांध लबालब
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुजरात के उत्तरी, दक्षिणी और मध्य भागों सहित सौराष्ट्र क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। राज्य में अब तक मानसून की कुल औसत बारिश का लगभग 68.58 प्रतिशत (623.29 मिमी) जल बरस चुका है।
लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य के 206 बांधों में से 24 बांध पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 27 बांध अपनी क्षमता के 70 से 100 फीसदी तक भर गए हैं। नर्मदा नदी पर बने जीवनदायिनी सरदार सरोवर बांध का जलस्तर ऊपरी इलाकों में हुई बारिश के कारण पिछले 24 घंटों में 75 सेंटीमीटर बढ़ गया है। फिलहाल इसमें कुल क्षमता का करीब 76.35 प्रतिशत पानी जमा हो चुका है।
600 से ज्यादा सड़कें बंद, प्रशासन मुस्तैद
भारी बारिश और जलभराव के कारण राज्य में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राज्य में 3 नेशनल हाईवे और 30 स्टेट हाईवे समेत कुल 607 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं। हालांकि, बारिश थमने और पानी उतरने वाले इलाकों में प्रशासन तेजी से काम कर रहा है, जिसके तहत पिछले 24 घंटों में 197 सड़कों को मरम्मत के बाद दोबारा खोल दिया गया है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


