अनमोल मिश्रा, सतना। जिले के नगर परिषद कोठी के वार्ड क्रमांक-1 स्थित बिजली कार्यालय के पास छात्रावास परिसर में वर्षों किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छात्रावास पहुंचकर अवैध कब्जा हटाया और फिर भवन को ध्वस्त कर दिया।

ये भी पढ़ें: सूने घर से 15 लाख के गहने चोरी: पड़ोसियों ने आहट मिलने पर दी पुलिस को सूचना, डॉयल 112 को चकमा देकर भागा चोर 

1 माह पहले प्रशासनिक टीम पर हुआ था हमला

जानकारी के अनुसार छात्रावास परिसर के एक भाग पर कुछ लोगों द्वारा करीब 15 वर्षों से कब्जा किया गया था। समय के साथ भवन की हालत भी अत्यंत जर्जर हो चुकी था। जिसके कभी भी धराशायी होने और उससे हादसे की आशंका बनी हुई थी। आपको बता दें कि प्रशासन की टीम ने एक माह पहले भी अतिक्रमण हटाने की कोशिश की थी। जिस दौरान अतिक्रमणकारियों ने पत्थर से हमला कर प्रशासनिक टीम को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था।  

कई थानों की पुलिस रही मौजूद

पिछले महीने अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए हमले के बाद प्रशासन ने इस बार पूरी तैयारी कर रखी थी। सुबह-सुबह सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ रघुराजनगर SDM एलआर जांगड़े, तहसीलदार सौरभ द्विवेदी, नगर परिषद के CMO संजय सिंह, थाना प्रभारी संतोष तिवारी, बिजली विभाग के जेई हेमराज सेन सहित राजस्व, नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

खाली कराया गया अवैध कब्जा

मौके पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले अतिक्रमणकारियों से भवन को खाली कराया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भवन को ध्वस्त कर दिया गया। कानूनी व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने और पिछले महीने हुए हमले को देखते हुए अन्य थानों से पुलिस बल को सहायता के लिए बुलाया गया था।

ये भी पढ़ें: धरती के भगवान ने किया जान का सौदा: गर्भवती के इलाज के लिए 5 हजार में की डील, महिला की हो गई मौत

शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं और कार्रवाई की मांग लगातार की जा रही थी। वहीं इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शासकीय भूमि और सार्वजनिक उपयोग की संपत्तियों पर अवैध कब्जा किया जाता है तो उनके खिलाफ अभियान चलता रहेगा। अभी फिलहाल चिन्हित अतिक्रमणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m