कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। कम्पू थाना क्षेत्र में 16 साल की नाबालिग की हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार करने पर युवती की गला घोंटकर हत्या की गई और शव कैंसर पहाड़िया की झाड़ियों में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ईशान खान और उसके साथी अरवाज खान को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल बलेनो कार भी जब्त कर ली है।

युवती के गले पर कसने के निशान मिले

दरअसल मृतका आठवीं कक्षा की छात्रा थी और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण नया बाजार की एक साड़ी दुकान पर काम करती थी। वह रोज की तरह दुकान पर गई, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो दुकानदार ने बताया कि युवती काफी पहले दुकान से निकल चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने कम्पू थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और महलगांव निवासी ईशान खान पर शक जताया, अगले दिन कैंसर पहाड़िया की सड़क किनारे झाड़ियों में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई,पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। युवती के गले पर कसने के निशान मिले। शिनाख्त के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

ईशान युवती पर शादी का दबाव बना रहा था

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ईशान युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। परिजनों के मुताबिक युवती शादी के लिए तैयार नहीं थी और इसी बात को लेकर उसे धमकियां भी दी जा रही थीं। पुलिस को आरोपी का मोबाइल भी सौंपा गया है, जिसमें युवती से बातचीत के ऑडियो और व्हाट्सएप चैट मौजूद हैं।SSP धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस की पांच टीमें बनाई गईं। CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने महलगांव की गली नंबर-3 से ईशान खान और उसके साथी अरवाज खान को गिरफ्तार कर लिया।

गला दबाकर हत्या और शव झाड़ियों में फेंक दिया

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने परिचित से बलेनो कार ली और साड़ी दुकान की रेकी की। इसके बाद KRG कॉलेज के पास से युवती को जबरदस्ती कार में बैठाकर कैंसर पहाड़िया ले गए। आरोप है कि वहीं गला दबाकर उसकी हत्या की गई और शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी कार वापस कर फरार हो गए। धर्मवीर सिंह यादव- SSP ने बताया- फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार भी जब्त कर ली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m