चंडीगढ़: इश्क का ऐसा खूनी जूनून कि एक 19 साल के लड़के ने अपने ही माता-पिता को मिटाने का पूरा टाइम-टेबल तैयार कर लिया। चंडीगढ़ के सेक्टर-22 से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी प्रेग्नेंट प्रेमिका से शादी करने की सनक में अपने सगे पिता को मौत के घाट उतार दिया। मृतक नितिन चंडीगढ़ पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। इस सनकी युवक ने अपनी मां (जो खुद पुलिस में एएसआई हैं) की भी जान लेने की कोशिश की, लेकिन वो किस्मत से बच गईं।

मर्डर का ‘खूनी अलार्म’: टाइम सेट कर किया कत्ल

यह हत्या आवेश में आकर नहीं, बल्कि बेहद शातिर और ठंडे दिमाग से रची गई साजिश थी। आरोपी अरमान ने रात में ही अपने मोबाइल पर सुबह 4 बजे का खूनी अलार्म सेट किया था। वह सिर्फ इसलिए जागा ताकि जब उसके पिता गहरी नींद में हों, तब वो उन पर वार कर सके। जैसे ही सुबह 4 बजे अलार्म बजा, सनकी बेटा उठा, उसने सोते हुए हेड कांस्टेबल पिता के सिर से देसी कट्टा सटाया और ट्रिगर दबा दिया। एक झटके में उसने पिता को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।

ट्रिगर दबाया… गोली फंसी तो घोंटने लगा मां का गला!

धमाके की आवाज सुनकर बगल के कमरे से जब एएसआई मां मोनिका भागती हुई आईं, तो बेटे के सिर पर खून सवार था। उसने अपनी सगी मां की छाती पर भी कट्टा तानकर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली कट्टे के अंदर ही फंस गई (मिसफायर हो गई)। इसके बाद भी उसकी सनक शांत नहीं हुई; उसने अपनी मां को जमीन पर पटका और दोनों हाथों से उनका गला घोंटने लगा। मां ने पूरी ताकत से उसे धक्का दिया और छत की तरफ भागकर पड़ोसियों को शोर मचाया, तब जाकर उनकी जान बची।

सनक के पीछे की इनसाइड स्टोरी

जांच में सामने आया है कि 19 साल का अरमान एक लड़की के साथ लिव-इन में था और वह लड़की प्रेग्नेंट हो चुकी थी। आरोपी अपने माता-पिता पर तुरंत शादी कराने और बिजनेस के नाम पर 50 लाख रुपये कैश देने का अंधा दबाव बना रहा था। माता-पिता इस बेमेल और बिना पैर-पसार की शादी के खिलाफ थे। बस इसी इनकार ने लड़के को ऐसा हैवान बनाया कि उसने अपने ही हंसते-खेलते घर को श्मशान बना दिया। पुलिस ने आरोपी को दबोचकर छत से कट्टा बरामद कर लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m