भोपाल। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने मध्य प्रदेश को 4 हजार करोड़ से ज्यादा की लागत वाली 2 सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसे लेकर एमपी के सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी धन्यवाद दिया है। वहीं उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास की रफ्तार भी दोगुनी है।

केंद्रीय मंत्रि-परिषद ने नई दिल्ली में सड़क विकास के लिए मध्यप्रदेश में 2 बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी। 4 हजार 415 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण होगा। केंद्र सरकार की इस महत्वपूर्ण सौगात से प्रदेश के जनजातीय बहुल जिले बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी के समग्र विकास में और तेजी आएगी। इन महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन से स्थानीय हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। खरगोन जिले में 16.20 किमी लंबा एक ग्रीनफील्ड बायपास भी विकसित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: एमपी में ‘प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना’ के लिए नई कमेटी: इन 3 IAS अफसरों को मिली बड़ी जिम्मेदारी

यह उन्नत कॉरिडोर मध्यप्रदेश में बेहतर रोड कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा और 6 पीएम गति-शक्ति आर्थिक नोड्स को जोड़ते हुए मल्टी मॉडल एकीकरण को भी बढ़ावा देगा। यह परियोजना मध्यप्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निर्बाध रूप से जोड़ेगी। उन्नत कॉरिडोर 6 पीएम गति-शक्ति आर्थिक केंद्रों (1 कपड़ा क्लस्टर, 2 मेगा फूड पार्क, 1 औद्योगिक पार्क, 2 सुपर थर्मल पावर प्लांट), 5 सामाजिक केंद्रों (2 आकांक्षी जिले – खंडवा और बड़वानी, 3 जनजातीय जिले – बैतूल, खंडवा, खरगोन) और 5 लॉजिस्टिक्स केंद्रों (2 प्रमुख रेलवे स्टेशन, 2 हवाई अड्डे, 1 एमएमएलपी) से जुड़कर मल्टी-मोडल एकीकरण को बढ़ावा देगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m