झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के साल्हावास गांव से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां अपने घर के बाहर खेल रही दो साल की एक मासूम बच्ची की पानी के टैंक यानी हौद में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्ची की मां घर के भीतर खाना बना रही थी और बच्ची खेलते हुए बाहर निकल गई। काफी देर तक जब बच्ची दिखाई नहीं दी, तो घर वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। बाद में घर के पास ही बने हौद में बच्ची का शव तैरता मिला, जिससे पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।

शादी के चार साल बाद मन्नत से पैदा हुई थी बेटी

मृतक बच्ची की पहचान दो वर्षीय परी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला मजदूर कुशन पाल अपनी पत्नी के साथ साल्हावास गांव में किराए का मकान लेकर रहता है। शादी के चार साल बाद तक जब दंपती के कोई संतान नहीं हुई, तो उन्होंने मंदिरों और दरगाहों पर खूब मन्नतें मांगी थीं। बड़ी मन्नतों के बाद उनके घर इस बेटी का जन्म हुआ था। परिवार की इकलौती संतान होने की वजह से परी सबकी बेहद लाडली थी, लेकिन इस एक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।

खाना बना रही थी मां, नौ फीट गहरे हौद में जा गिरी मासूम

परिजनों ने बताया कि परी का पिता कुशन पाल कुछ दिनों पहले ही मजदूरी के काम से पंजाब गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी अकेली थी जो दोपहर के समय रसोई में खाना बनाने में व्यस्त थी। इसी बीच परी घर के बाहर खेलते-खेलते पास ही बने करीब नौ फीट गहरे पानी के हौद के पास पहुंच गई। आशंका जताई जा रही है कि हौद के खुले हिस्से से पानी में अपनी परछाई देखते समय बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरी।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

जब काफी देर तक आंगन में सन्नाटा रहा, तो मां को कुछ अनहोनी का शक हुआ। उसने बाहर आकर आसपास के लोगों के साथ बच्ची को ढूंढना शुरू किया। तभी पानी के हौद के अंदर बच्ची का शरीर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत मासूम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को रोते-बिलखते परिजनों के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।