Bihar IAS Transfers: बिहार सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने कल गुरुवार (18 जून) को इसकी अधिसूचना जारी की। पटना, नालंदा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका, पूर्वी चंपारण, रोहतास और गोपालगंज समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है। इसके साथ ही कई विभागों के सचिवों और निगमों के प्रमुखों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

BSEB के अध्यक्ष पद से आनंद किशोर की विदाई

सबसे चर्चित तबादला वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर को लेकर हुआ है। करीब 10 साल से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के अध्यक्ष रहे आनंद किशोर को अब पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उनकी जगह अब पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस. एम. को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं नालंदा के डीएम कुंदन कुमार अब पटना के नए जिलाधिकारी होंगे।

कुमार गौरव बने मुजफ्फरपुर के नए डीएम

इसके अलावा मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (बीएमआईसीएल) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का नया डीएम बनाया गया है। जहानाबाद की वर्तमान डीएम अलंकृता पांडेय का तबादला भागलपुर के जिलाधिकारी पद पर किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव छिरिड वाई भूटिया को जहानाबाद का नया डीएम बनाया गया है।

उदिता सिंह बनीं नालंदा की डीएम

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह को नालंदा का डीएम नियुक्त किया गया है। पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को मोतिहारी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

दीपक मिश्रा होंगे रोहतास के नए जिलाधिकारी

बांका में अंशुल अग्रवाल को नया डीएम बनाया गया है। वहीं समीर सौरभ को गोपालगंज और नवीन कुमार को किशनगंज का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। खगड़िया में विक्रम विरकर और रोहतास में दीपक कुमार मिश्रा को नए डीएम की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा कई अधिकारियों को विभिन्न विभागों और निगमों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल के बाद कई अधिकारी अतिरिक्त प्रभार से भी मुक्त हो गए हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar IPS Transfer: बिहार में एक साथ 27 IPS अफसरों का तबादला, कई जिलों के SP बदले, देंखें पूरी लिस्ट