अनूप मिश्रा, बहराइच. नगर कोतवाली में तैनात 22 वर्षीय आरक्षी जयदीप यादव की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई. ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर लौट रहे जयदीप की बाइक जेल रोड पर ईसाई कब्रिस्तान के पास सड़क पर गिरी पेड़ की डाल से टकरा गई. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में उनकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार जयदीप यादव शनिवार सुबह करीब चार बजे नगर कोतवाली में अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर लौट रहे थे. इसी दौरान जेल रोड पर ईसाई कब्रिस्तान के पास सड़क पर गिरी पेड़ की डाल से उनकी बाइक टकरा गई. टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
इसे भी पढ़ें : ‘बाबा जी’ संत हैं, उनके शासन काल में खुल रहे ठेके पर ठेके… सुशील पासी ने साधा निशाना, वोटर लिस्ट पर कहा- ‘नाम कटने से पहले जागो’
हादसे की सूचना मिलने पर नगर कोतवाल ब्रजेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घायल आरक्षी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. लखनऊ में उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई.
2025 बैच के आरक्षी थे जयदीप यादव
जयदीप यादव अयोध्या जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के भिठौरा गांव के रहने वाले थे. वह वर्ष 2025 बैच के आरक्षी थे और बहराइच नगर कोतवाली में तैनात थे. अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरक्षी के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है.


