मुखर्जी नगर में दिल्ली यूनिवर्सिटी की दो छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ और उन्हें कार में जबरन खींचने की कोशिश के मामले में पुलिस ने जिस सफेद सफारी कार को जब्त किया है, उस पर पहले से 44 हजार रुपये का ट्रैफिक जुर्माना बकाया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस कार के खिलाफ दर्ज ज्यादातर चालान तेज रफ्तार में वाहन चलाने से संबंधित हैं। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर को भी इसी कार का ओवरस्पीडिंग को लेकर चालान किया गया था। पुलिस अब इस वाहन से जुड़े पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मुखर्जी नगर में छात्राओं से हुई घटना के बाद कार को जब्त किया गया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे हकीकत पार्क के पास हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार की पहचान कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान सामने आया है कि जिस सफेद सफारी कार का इस्तेमाल घटना में किया गया, उस पर पहले से 44 हजार रुपये के ट्रैफिक चालान बकाया हैं। इनमें ज्यादातर चालान तेज रफ्तार से वाहन चलाने से संबंधित हैं। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को भी इसी कार का ओवरस्पीडिंग के लिए चालान किया गया था।

छात्रा ने वीडियो जारी कर बताई घटना की पूरी बात

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में छात्रा ने घटना के बारे में जानकारी दी। छात्रा के मुताबिक, वह अपनी सहेली के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार उनके पास आकर रुकी। छात्रा का आरोप है कि कार में सवार लोगों ने दोनों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। छात्रा ने दावा किया कि जब उसने और उसकी सहेली ने इसका विरोध किया तो कार सवार लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद आरोपियों ने कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया। छात्रा के अनुसार, घटना के बाद दोनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

‘चार थानों के लगाए चक्कर’, छात्रा ने पुलिस पर भी लगाए आरोप

छात्रा ने आरोप लगाया कि जब वह और उसकी सहेली घटना का वीडियो बनाने के लिए रुकीं, तो कार सवार लोग भी रुक गए और उन्हें कथित तौर पर कार में खींचने की कोशिश की। छात्रा के मुताबिक, उसकी सहेली ने जैसे ही कार की रिकॉर्डिंग शुरू की, कार सवार वहां से फरार हो गए। छात्रा ने यह भी दावा किया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे और उसकी सहेली को करीब चार घंटे तक तीन अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े। छात्रा के अनुसार, शुरुआत में उन्हें बताया गया कि घटना संबंधित थाना क्षेत्र में नहीं आती। बाद में उनकी शिकायत दर्ज की गई।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि छात्रा के इस आरोप की भी जांच की जा रही है कि मामला दर्ज होने से पहले उसे कई थानों में जाना पड़ा था। पुलिस के मुताबिक, कार चालक की पहचान नमन के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र बताया जा रहा है। घटना के समय कार में उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

डीसीपी ने कहा- शिकायत के आधार पर केस दर्ज, जांच जारी

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि बुधवार रात दो छात्राएं सड़क पर जा रही थीं। इसी दौरान SUV में सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर दोनों से छेड़छाड़ की और उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।DCP ने कहा कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार की पहचान कर उसे बरामद कर लिया है। पुलिस ने देर रात जारी बयान में भी कार बरामद किए जाने की पुष्टि की।  पुलिस के मुताबिक, मुखर्जी नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना), धारा 79 (शब्द, इशारा या कृत्य से महिला की गरिमा का अपमान करने का इरादा) और धारा 3(5) (सामान्य आशय) के तहत FIR दर्ज की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m