लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बाढ़ का कहर जारी है. जिसे देखते हुए बाढ़ प्रभावितों के लिए युद्ध स्तर पर राहत-बचाव कार्य अभियान चलाया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अभियान जारी है. फिलहाल प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है. जिसके लिए राहत तंत्र मुस्तैद है. अब तक कुल 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. 4,847 लोग बाढ़ शरणालयों में ठहरे हुए हैं.

प्रदेश में 1,312 बाढ़ शरणालय बनाए गए हैं. बाढ़ प्रभावितों को 72,897 राहत किट वितरित की जा चुकी है. 3.67 लाख से ज्यादा लंच पैकेट बांटे गए हैं. 1,697 नाव-मोटरबोट राहत कार्य में लगी हुई है. 1,068 मेडिकल टीमें लगातार काम कर रही हैं. 1,634 बाढ़ चौकियों से निगरानी तेज की गई है. 5.52 लाख से ज्यादा क्लोरीन टैबलेट वितरित किए गए हैं. 1.87 लाख से ज्यादा ओआरएस पैकेट बांटे गए हैं. बता दें कि यूपी में बाढ़ से 45 हजार से ज्यादा पशु भी प्रभावित हुए हैं. राहत तंत्र की सक्रियता से अब तक जनहानि नहीं हुई है. प्रभावितों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है. अमरोहा से वाराणसी तक 26 जिलों में राहत कार्य लगातार जारी है.

इसे भी पढे़ं : UP Weather Today : बारिश का कहर, प्रदेश के कई जनपदों में बढ़ा जलस्तर, आज इन जिलों में अलर्ट

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. 4 सितंबर को प्रदेश के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना है. इन जनपदों में कई जगहों पर अचानक तेज बारिश हो सकती है. ऐसे में निचले इलाकों में पानी भरने, सड़क पर फिसलन बढ़ने और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित हो सकता है.