UP Weather Today. उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. 4 सितंबर को प्रदेश के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश की संभावना है. इन जनपदों में कई जगहों पर अचानक तेज बारिश हो सकती है. ऐसे में निचले इलाकों में पानी भरने, सड़क पर फिसलन बढ़ने और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित हो सकता है.
गंगा-यमुना उफान पर, घरों तक पहुंचा पानी
लगातार बारिश से प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है. प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी बढ़ने से रिवरफ्रंट रोड के आसपास बने घरों तक पानी पहुंच गया है. ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं. वाराणसी में गंगा का पानी सभी प्रमुख घाटों के ऊपर तक पहुंच गया है. मणिकर्णिका घाट भी प्रभावित है. करीब 50 फीट ऊंचा रत्नेश्वर महादेव मंदिर 95 प्रतिशत तक पानी में डूब गया है.
इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 4 September: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
2910 लोग विस्थापित, राहत-बचाव तेज
काशी में अब तक 62.48 हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में आ चुकी है और 227 किसान परिवार प्रभावित हुए हैं. वरुणा नदी के किनारे रहने वाले 407 परिवारों के 1768 लोगों को बुधवार को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. अब तक कुल 2910 लोगों को विस्थापित किया जा चुका है. राहत-बचाव कार्य के लिए प्रशासन ने 36 नावें लगाई हैं.
रिहंद बांध ओवरफ्लो, पांच गेट खोले
सोनभद्र में प्रदेश का सबसे बड़ा रिहंद बांध ओवरफ्लो होने के बाद पांच गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है. चित्रकूट में भी बरुआ, राशिन और गुंता बांध के गेट खोल दिए गए हैं. प्रशासन ने जिले के 50 से अधिक गांवों में अलर्ट जारी किया है. अमरोहा में बारिश के दौरान एक दुकान का पुराना छज्जा गिर गया. मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई.



