हेमंत शर्मा/सुरेश पांडेय, इंदौर/सिंगरौली। मध्य प्रदेश में तेज रफ्तार और बेलगाम वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं है। गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से दो बड़े सड़क हादसों की दर्दनाक खबरें सामने आई हैं। महू (इंदौर) में एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवारों को कुचल दिया, जिससे दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। वहीं, सिंगरौली जिले में हाईवा और बल्कर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
एबी रोड पर ट्रक की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, एक घायल
इंदौर जिले के किशनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एबी रोड पर टोल टैक्स के पास शनि मंदिर के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे एक ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ-05-GB-3238) ने मोटरसाइकिल पर सवार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी चालक फरार
पुलिस के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाला आरोपी ट्रक चालक मोहित (पिता मुकेश सावले, उम्र 19 वर्ष) घटना के बाद मौके से फरार हो गया। किशनगंज थाना पुलिस ने मृतक महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है, वहीं घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
माड़ा थाना क्षेत्र में हाईवा और बल्कर की आमने-सामने भिड़ंत
दूसरी तरफ, सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के सितूल खुर्द इलाके में सुबह-सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक हाईवा और बल्कर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
एक की मौत, एक गंभीर
इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस भीषण हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों ने एक बार फिर बेकाबू और ओवरलोड भारी वाहनों के संचालन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश में लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस दोनों ही मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

