ओरमांझी। रांची-रामगढ़ एनएच-20 पर मंगलवार शाम एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सड़क पर 308 पहियों वाला विशाल हाइड्रोलिक मेगा ट्रेलर गुजर रहा था। इतने बड़े वाहन को देखने के लिए लोग सड़क किनारे जमा हो गए और मोबाइल में तस्वीरें-वीडियो बनाने लगे।
सोशल मीडिया वाला विशाल ट्रेलर जब सामने आया
कई दिनों से सोशल मीडिया पर इस मेगा ट्रेलर की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे थे। मंगलवार को जब यही वाहन ओरमांझी ब्लॉक चौक पहुंचा तो लोगों का कौतूहल देखते ही बन रहा था।लोगों में ट्रेलर के साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने की होड़ मच गई। कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई।
विशाल ट्रेलर के कारण लगा जाम
मेगा ट्रेलर के गुजरने के दौरान रांची-रामगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। ट्रेलर के आगे बढ़ने तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार नजर आई। हालांकि ओरमांझी थाना पुलिस की निगरानी में ट्रेलर के आगे निकलते ही यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।
पारादीप से उत्तर प्रदेश जा रहा भारी उपकरण
जानकारी के मुताबिक, यह विशेष रूप से तैयार किया गया हाइड्रोलिक मेगा ट्रेलर ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश की एक चीनी मिल के लिए भारी औद्योगिक उपकरण लेकर जा रहा है।
ट्रेलर का वजन और आकार सामान्य वाहनों से कई गुना अधिक है। इसी वजह से इसे बेहद धीमी रफ्तार में और विशेष तकनीकी सावधानियों के साथ सड़क मार्ग से ले जाया जा रहा है।

रोजाना तय कर रहा सीमित दूरी
इतने विशाल आकार के कारण ट्रेलर रोजाना लंबी दूरी तय नहीं कर पा रहा है। इसके संचालन के दौरान सड़क पर पर्याप्त जगह और ट्रैफिक मैनेजमेंट का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
घंटों इंतजार करते रहे लोग
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने इस मेगा ट्रेलर को अब तक सिर्फ सोशल मीडिया पर ही देखा था। जब इसके ओरमांझी से गुजरने की सूचना मिली तो कई लोग इसे अपनी आंखों से देखने के लिए घंटों इंतजार करते रहे।
308 पहियों वाला यह अनोखा मेगा ट्रेलर जहां से भी गुजर रहा है, वहां लोगों की भीड़ और कैमरों की नजरें अपने आप उसकी ओर मुड़ जा रही हैं।



