चमोली. श्रीराम मंदिर के बाद श्री बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. आरोप है कि BKTC के अध्यक्ष के निजी सहायक ने बद्रीनाथ मंदिर से चंदा चोरी किया है. यह मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया है. इस बीच मामले की जांच के लिए 4 सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी गई है. जिन्हें 1 सप्ताह में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी. इस समिति में सीईओ, प्रभारी अधिकारी केदारनाथ शामिल हैं. BKTC सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने इसकी जानकारी दी.
बता दें कि इस मामले में सियासत भी तेज हो गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार से तीखे सवाल पूछे. गणेश गोदियाल ने कहा कि राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है. आस्था के केंद्रों से जुड़े ऐसे मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना आवश्यक है. हमारी मांग है कि इस पूरे प्रकरण की विधानसभा की संयुक्त समिति (जेपीसी) या न्यायिक जांच कराई जाए, ताकि सच प्रदेश की जनता के सामने आए.
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर के बाद बद्रीनाथ में चंदा चोरी… भड़के प्रदेश कांग्रेस अध्य़क्ष गणेश गोदियाल, कहा- आस्था के नाम पर लूट और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
गणेश गोदियाल ने आगे कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की लूट और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. मंदिर जनता की आस्था के केंद्र हैं, किसी सरकार या दल की जागीर नहीं. सत्य सामने आना ही चाहिए. देशभर के धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे में अनियमितताओं और घोटालों के आरोप गंभीर चिंता का विषय हैं. उत्तराखंड में केदारनाथ के बाद अब बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

