देहरादून। राम मंदिर के बाद बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि BKTC के अध्यक्ष के निजी सहायक ने बद्रीनाथ मंदिर से चंदा चोरी किया है। यह मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया है। इसी बीच प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार से तीखे सवाल पूछे है।

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी बेहद चिंताजनक

गणेश गोदियाल ने कहा कि राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है। आस्था के केंद्रों से जुड़े ऐसे मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना आवश्यक है। हमारी मांग है कि इस पूरे प्रकरण की विधानसभा की संयुक्त समिति (जेपीसी) या न्यायिक जांच कराई जाए, ताकि सच प्रदेश की जनता के सामने आए।

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: सिर्फ रामधन ही नहीं हर काम में कमीशन वसूला, ट्रस्टियों ने पार की लूटमार की हर सीमा

किसी भी प्रकार की लूट बर्दाश्त नहीं

गणेश गोदियाल ने आगे कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की लूट और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मंदिर जनता की आस्था के केंद्र हैं, किसी सरकार या दल की जागीर नहीं। सत्य सामने आना ही चाहिए। देशभर के धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे में अनियमितताओं और घोटालों के आरोप गंभीर चिंता का विषय हैं। उत्तराखंड में केदारनाथ के बाद अब बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

READ MORE: 5 साल पूरे करने वाले BJP के पहले सीएम बने धामी, देवभूमि की जनता का जताया आभार, गिनाई सरकार की उपलब्धियां

ऐसे कृत्यों के विरोध में बागेश्वर स्थित भगवान बागनाथ मंदिर में सरकार, शासन-प्रशासन और जिम्मेदार लोगों की सद्बुद्धि की कामना करते हुए कांग्रेसजनों ने मौन रखकर अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज किया।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि भैरव सेना के अध्यक्ष संदीप खत्री ने बद्रीनाथ धाम मंदिर समिति के मुख्य कार्य अधिकारी सोहन सिंह रागढ़ को पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने चढ़ावा चोरी का आरोप लगाया और कथित तौर पर अनियमितता की जांच कराने मांग की। उन्होंने मंदिर समिति के अध्यक्ष के निजी सहायक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की भी बात कही।

इस पत्र के बाद मुख्य कार्य अधिकारी ने मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सहायक समेत कई कर्मचारियों को नोटिस थमाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में लगे एक CCTV कैमरे में मंदिर के कुछ कर्मचारियों के साथ अध्यक्ष के निजी सहायक भी पैसों की गिनती करते दिख रहे हैं।