अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के विशम्भरपुर थाना क्षेत्र स्थित दुर्ग मातिहीनिया गांव में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहां सांप काटने से चार वर्षीय मासूम शिवांशु कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। शिवांशु, गांव के निवासी जन्मंजय कुमार का पुत्र था। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे दुर्ग मातिहीनिया गांव में मातमी सन्नाटा पसार गया है। वहीं घटना के बाद गोपालगंज सदर अस्पताल परिसर में आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
घर के बाहर खेलते समय सांप ने काटा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय शिवांशु अपने घर के दरवाजे के पास आराम से खेल रहा था। इसी दौरान झाड़ियों या आसपास छिपे किसी विषैले सांप ने उसे काट लिया। मासूम के चिल्लाने पर जब परिजन बाहर भागे, तो उन्हें सांप के काटने का पता चला। घटना के तुरंत बाद परिजन बिना समय गंवाए उसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे।
इलाज में देरी और लापरवाही का आरोप
अस्पताल पहुंचने के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्चे को सही समय पर समुचित और त्वरित इलाज नहीं मिला। यदि डॉक्टर समय रहते एंटी-वेनम और आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा उपलब्ध करा देते, तो शिवांशु की जान बचाई जा सकती थी।
डॉक्टरों के गायब होने पर भड़का आक्रोश
हंगामे के दौरान परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब बच्चे की स्थिति बिगड़ने लगी, तो इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अपनी जगह से गायब हो गए। डॉक्टर के मौजूद न रहने से मरीज के तीमारदार भड़क गए और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रशासन को सौंपी लिखित शिकायत, जांच के आदेश
मृतक के पिता जन्मंजय कुमार ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत सदर अस्पताल प्रशासन को सौंपी है। उन्होंने दोषी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Gen-Z को ‘गटर जनरेशन’ कहने पर बवाल, रोहिणी आचार्य ने कंगना को घेरा


