परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। पोहरी थाना क्षेत्र में रहने वाली 4 साल की मासूम से दुष्कर्म की कोशिश की गई, फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। घर पर संदिग्ध हालत में उसका शव मिला है।
पिता ने बताया कि वह काम करने के लिए गया था और उसकी पत्नी भी घर में नहीं थी। वह भी भटनावर में किसी काम से गई थी। उसकी चार साल की बेटी घर में कुछ बच्चों के साथ खेल रही थी। इसके बाद जब वह 6 बजे घर पहुंचा तो बेटी मरणासन्न हालत में मकान के अंदर मिली।
बच्ची को मृत हालत में लेकर पिता पोहरी अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर का कहना है कि किसी ने बालिका के साथ दुष्कर्म की कोशिश के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर से मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
यह पूरा घटनाक्रम दोपहर 3 बजे से 4 बजे का हो सकता है। हालांकि अभी बालिका के शव का पीएम नहीं हुआ है। रात होने के कारण अब बालिका का पीएम शुक्रवार को सुबह डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा।
इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया व एसडीओपी पोहरी आनंद राय से लेकर अन्य मौके पर पहुंचे और फिर घटनास्थल का भी बारीकी से मौका मुआयना कर मामले की जांच में जुटे है। अभी यह पता नहीं चला है कि इस घटनाक्रम को किसने अंजाम दिया हैं। पुलिस का मानना है कि बालिका की मां सहित अन्य परिजनों व आसपास के लोगों से बात कर ही घटना का खुलासा हो पाएगा।

