अंबाला। अंबाला के धनयोड़ा गांव में खुले बोरवेल में गिरे चार वर्षीय मासूम निरवैर सिंह की 21 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे एनडीआरएफ, प्रशासन और अन्य बचाव दलों ने बच्चे का शव बोरवेल से बाहर निकाला। इसके बाद गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

खेलते-खेलते बोरवेल में गिरा था मासूम

यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ, जब निरवैर घर के पास खेलते समय खुले पड़े पुराने बोरवेल में गिर गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया।

21 घंटे तक चला रेस्क्यू, लेकिन नहीं बच सकी जान

करीब 21 घंटे तक लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार तड़के बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

खेत मालिक और दो ठेकेदारों पर केस दर्ज

मासूम की मौत के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत मालिक और खेत ठेके पर लेने वाले दो ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि पुराना बोरवेल बिना ढके और बिना किसी चेतावनी संकेत के खुला छोड़ दिया गया था। नया बोरवेल तैयार होने के बाद भी पुराने बोरवेल को सुरक्षित नहीं किया गया, जिसकी लापरवाही ने मासूम की जान ले ली।

एसपी बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

अंबाला के एसपी अजित सिंह शेखावत ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर सदर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत खेत मालिक और दोनों ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।